छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में यात्री वाहनों के सुरक्षित एवं नियमबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अतुल असैया के नेतृत्व में परिवहन उड़नदस्ता कोरबा द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले में संचालित विभिन्न बसों की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान दस्तावेजों एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कुल 20 बसों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे 18 हजार 500 रुपये शमन शुल्क वसूल किया गया।
इस दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में स्लीपर बसों में लगाए गए अवैध कैरियर हटाने के संबंध में भी बस संचालकों को नोटिस जारी किए गए। साथ ही सभी बस संचालकों को वाहन के समस्त दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित परिवहन नियमों के अनुरूप ही बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गए।
आरटीओ अतुल असैया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस प्रकार की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में परिवहन उपनिरीक्षक प्रवीण सोनी एवं परिवहन उड़नदस्ता कोरबा की टीम की सक्रिय भूमिका रही।











