छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। टीम ने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर एक कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मारुति अर्टिगा कार (क्रमांक CG 04QD 7255) में अवैध रूप से गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर रतनपुर पुलिस और ACCU की टीम ने नवापारा चौक, भेड़ीमुंडा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान कार से करीब 245 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 22 लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये है, को भी जब्त कर लिया गया। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार केवट (33 वर्ष), निवासी भुतहीटोला, थाना बुढार, जिला शहडोल (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस कार्रवाई में रतनपुर थाना और ACCU टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सतर्कता से यह बड़ी सफलता मिली है।











