आयुर्वेद चिकित्सा में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया गया सम्मानित
छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर के माँ मड़वारानी परिसर स्थित एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी के 10वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु लायन डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा को ‘लायंस गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन 19 अप्रैल 2026, रविवार को किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मशहूर फिल्म अभिनेत्री मंदाकिनी उपस्थित रहीं। समारोह की अध्यक्षता स्कूल के चेयरमैन लायन राजकुमार अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद हितानंद अग्रवाल, इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट 3233-सी के वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम लायन रिपुदमन पुसरी तथा वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय लायन पवन मलिक शामिल रहे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने डॉ. शर्मा को शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. शर्मा के आयुर्वेद चिकित्सा क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में लायन डॉ. विजय अग्रवाल (चांपा), लायन एम.डी. माखीजा, लायन कैलाश नाथ गुप्ता, लायन अजय धनौदिया, लायन आशीष अग्रवाल (बिलासपुर) सहित विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा स्कूल की प्राचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी समारोह में शामिल हुए।











