HomeBreaking Newsनाबालिग वाहन चालकों पर कोरबा पुलिस की सख्ती: 11 पर कार्रवाई, ₹22...

नाबालिग वाहन चालकों पर कोरबा पुलिस की सख्ती: 11 पर कार्रवाई, ₹22 हजार का जुर्माना

“सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष चेकिंग अभियान, अभिभावकों को भी दी गई चेतावनी

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में संचालित “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सघन कार्रवाई करते हुए 11 नाबालिगों पर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में यातायात थाना द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान 11 नाबालिग मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चलाते हुए पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹22,000 का समन शुल्क अधिरोपित किया गया। इसके साथ ही संबंधित अभिभावकों को भविष्य में नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की सख्त समझाइश दी गई।
कोरबा पुलिस का कहना है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह भी बनता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का मानना है कि सड़क सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी ही दुर्घटनाओं में कमी लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Must Read