छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कोरबा स्थित अपनी विभिन्न आवासीय कॉलोनियों के बकायादार हितग्राहियों से लैंड मेंटेनेंस चार्ज (एलएमसी), कॉमन मेंटेनेंस चार्ज (सीएमसी) एवं जल प्रभार की बकाया राशि शीघ्र जमा करने की अपील की है। मंडल ने कहा है कि समय पर शुल्क जमा नहीं होने से कॉलोनियों के रखरखाव और आवश्यक नागरिक सुविधाओं के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
वर्तमान में मंडल द्वारा अटल विहार कॉलोनी झगरहा, अटल विहार कॉलोनी उरगा तथा अटल आवास जेंजरा का संधारण किया जा रहा है। इन कॉलोनियों में सड़क, नाली, उद्यान, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के रखरखाव पर नियमित व्यय किया जाता है। इन कार्यों के लिए आवश्यक राशि एलएमसी, सीएमसी एवं जल प्रभार के माध्यम से प्राप्त होती है, जबकि इन मदों में वर्तमान में लाखों रुपये की राशि बकाया है।
गृह निर्माण मंडल के अनुसार, शुल्क का नियमित भुगतान नहीं होने से बिजली बिलों के भुगतान, साफ-सफाई, स्वच्छता तथा अन्य रखरखाव कार्यों के संचालन में वित्तीय कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं। इससे कॉलोनियों में उपलब्ध कराई जा रही नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
मंडल ने बकाया राशि की वसूली के लिए संबंधित संभाग कार्यालय के माध्यम से सभी बकायादार हितग्राहियों को नोटिस जारी कर दिए हैं। हितग्राहियों से निर्धारित समयावधि के भीतर बकाया राशि जमा कर कॉलोनियों के बेहतर रखरखाव में सहयोग करने की अपील की गई है।
कार्यपालन अभियंता, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, कोरबा ने चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि में बकाया राशि जमा नहीं करने वाले हितग्राहियों के विरुद्ध मंडल के प्रचलित नियमों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












