छत्तीसगढ़/कोरबा :- विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएसडीसी) के अंतर्गत भारत-इजराइल फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के तहत इजराइल में होम बेस्ड केयर गिवर के 3500 पदों पर भर्ती की जाएगी। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा इसके लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
जानकारी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये प्रतिमाह वेतन प्राप्त होगा। प्रारंभिक अनुबंध दो वर्षों के लिए होगा, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। नियोजक द्वारा आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा चिकित्सा बीमा का लाभ भी दिया जाएगा। इसके अलावा 9 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश और 16 दिनों का वार्षिक अवकाश भी निर्धारित किया गया है। सप्ताह में छह दिन कार्य दिवस रहेगा।
ये हैं आवश्यक पात्रता
आवेदक की आयु 25 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण हो। इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया होना आवश्यक है। अभ्यर्थी के पास न्यूनतम तीन वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना चाहिए। आवेदक शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ हो तथा उसकी लंबाई 1.5 मीटर और वजन 45 किलोग्राम से अधिक होना चाहिए। साथ ही उसने पूर्व में इजराइल में कार्य नहीं किया हो।
यह योग्यता होगी वांछनीय
भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त 990 घंटे के ओजेटी सहित केयर गिविंग प्रमाण पत्र अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी अथवा नर्स असिस्टेंट/मिडवाईफ से संबंधित किसी एक प्रमाण पत्र का होना आवश्यक होगा।
इस प्रकार होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन, दस्तावेजों एवं पात्रता की जांच, दस्तावेज सत्यापन, स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस क्लियरेंस के बाद इजराइली नियोजक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साक्षात्कार लिया जाएगा। अंतिम चयन इजराइल के नियोजक द्वारा किया जाएगा।
रोजगार विभाग ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से शीघ्र ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कराने की अपील की है। किसी भी प्रकार की शंका या जानकारी के लिए प्रदेश के निकटतम रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
दलालों से सावधान रहने की अपील
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न की जाएगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के दलालों या बिचौलियों के झांसे में न आएं और केवल अधिकृत माध्यमों से ही आवेदन करें।









