HomeBreaking Newsऊर्जा सुरक्षा से डिजिटल हेल्थ तक: केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे...

ऊर्जा सुरक्षा से डिजिटल हेल्थ तक: केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने किया एसईसीएल कार्यों का व्यापक समीक्षा दौरा

छत्तीसगढ़/रायपुर-बिलासपुर :- भारत सरकार के माननीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे ने साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के एक दिवसीय दौरे के दौरान कंपनी के उत्पादन, परिचालन, आधारभूत संरचना विकास एवं भावी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर कोयला क्षेत्र के विकास, ऊर्जा सुरक्षा एवं औद्योगिक विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की।   
बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास परियोजनाओं को गति देने, कोयला क्षेत्रों में रोजगार सृजन तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने कोयला क्षेत्र के विकास में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना की।   
एसईसीएल मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कोयला उत्पादन एवं प्रेषण, गुणवत्ता प्रबंधन, सुरक्षा, डिजिटलीकरण, पर्यावरणीय पहल, कोयला गैसीकरण, माइन क्लोजर, सीएसआर गतिविधियों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन, निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, कोयला मंत्रालय एवं एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
माननीय मंत्री ने सुरक्षित एवं सतत खनन को बढ़ावा देने के साथ आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग और परिचालन दक्षता में सुधार पर बल देते हुए कहा कि एसईसीएल देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उत्पादन, गुणवत्ता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एसईसीएल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।   
इस अवसर पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल इंडिया द्वारा अब तक प्राप्त 100 मिलियन टन उत्पादन उपलब्धि में एसईसीएल का सर्वाधिक योगदान 26.86 मिलियन टन रहा है। उन्होंने राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए एसईसीएल की प्रतिबद्धता दोहराई।   
डिजिटल परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने ई-डाडास (डिज़ाइन एंड ड्रॉइंग अप्रूवल इन एसईसीएल) पोर्टल तथा हॉस्पिटल मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) पोर्टल का शुभारंभ किया। ई-डाडास पोर्टल के माध्यम से आधारभूत परियोजनाओं से जुड़ी डिज़ाइन एवं ड्रॉइंग की ऑनलाइन जांच, मॉनिटरिंग एवं स्वीकृति प्रक्रिया को डिजिटल बनाया जाएगा, जिससे पारदर्शिता एवं कार्य निष्पादन में तेजी आएगी। वहीं एचएमआईएस पोर्टल अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण, मरीजों के रिकॉर्ड प्रबंधन तथा चिकित्सा सेवाओं की दक्षता बढ़ाने में सहायक होगा।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने बिलासपुर स्थित इंदिरा विहार स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक 5-पार्ट हेमेटोलॉजी एनालाइज़र यूनिट का उद्घाटन भी किया। यह मशीन श्वेत रक्त कोशिकाओं की 5-पार्ट डिफरेंशियल जांच के माध्यम से संक्रमण एवं विभिन्न रोगों की अधिक सटीक पहचान सुनिश्चित करेगी। स्वचालित परीक्षण प्रणाली से युक्त यह मशीन तेज, सटीक एवं त्रुटिरहित जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
उद्घाटन के बाद मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Must Read