बांकीमोंगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त, फरार आरोपियों की तलाश जारी
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में हुई केबल लूट और चोरी की गंभीर वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया गया है। मामले में उपयोग की गई मोटरसायकल भी पुलिस ने जप्त कर ली है। वहीं घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बांकीमोंगरा निरीक्षक चमन सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार जेटीपारा निवासी संजय कुमार लहरे ने थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 मई की रात करीब 1:30 बजे कुछ युवक एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में जबरन घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौच, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए पाइप, एंगल और करीब 100 मीटर केबल लूटकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 4 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 1147/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अर्जुन सिंह और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटा गया केबल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक के पास रखा गया है। पुलिस उसकी तथा एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
आरोपी अर्जुन सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल क्रमांक CG 12 BS 7092 को जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपी एवं अपचारी बालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












