छत्तीसगढ़/कोरबा :- विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वस्थ भारत-समृद्ध भारत अभियान एवं ‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन के तहत पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका रोड में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में 63 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार दिया गया।
शिविर में निःशुल्क ईसीजी, ब्लड प्रेशर व मधुमेह की जांच की गई। मरीजों को हृदय स्वास्थ्य, जीवनशैली एवं खान-पान संबंधी जानकारी के साथ आवश्यक औषधियां, अर्जुन टैबलेट, अर्जुन क्षीर क्वाथ एवं स्वास्थ्य पुस्तिका भी निःशुल्क प्रदान की गई।
नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि हृदय की उचित देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को बेहतर रख सकता है। वहीं नेत्रनंदन साहू ने सडन कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में जीवन रक्षा के लिए सीपीआर थेरेपी एवं ‘सावित्री आसन’ का प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद, लायंस क्लब के शिव जायसवाल, प्रत्युष सक्सेना, सुधीर सक्सेना सहित अन्य सदस्य एवं श्री शिव औषधालय की संचालिका प्रतिभा शर्मा उपस्थित रहीं।












