गैस कटर से काटकर बेचने की थी तैयारी, ट्रक समेत चोरी का सामान जब्त
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बांकीमोंगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। निर्माणाधीन रेलवे लाइन से लाखों रुपए कीमत के रेलवे विद्युत खंभों की चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए खंभों के टुकड़े, घटना में प्रयुक्त ट्रक, गैस सिलेंडर एवं गैस कटर भी जब्त किया है।
मामला थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र का है, जहां आर एस इन्फा प्रोजेक्ट कंपनी द्वारा सुरकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल कार्य कराया जा रहा था। कार्य के लिए उपयोग में लाए जाने वाले रेलवे विद्युत खंभों को बांकी 04 नंबर बायपास रोड स्थित बैचिंग प्लांट के पास डम्प कर रखा गया था। मिलान करने पर वहां से 102 नग रेलवे विद्युत खंभे गायब पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 42 लाख 41 हजार 687 रुपए बताई गई।
कंपनी के प्रतिनिधि अनीश कुमार सिंह की शिकायत पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 35/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी किए गए विद्युत खंभों के टुकड़े थाना अकलतरा क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG 10 R 1744 के साथ पाए गए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी धरम सिंह राजपूत एवं फिरोज उर्फ राजा खान ने गैस कटर से खंभों को काटकर चोरी की थी। पुलिस ने मौके से 140 नग विद्युत खंभों के टुकड़े एवं ट्रक जब्त किया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 13 मई 2026 को दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त गैस सिलेंडर एवं गैस कटर भी बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को न्यायालय कटघोरा में पेश किया गया, जहां से उन्हें उपजेल कटघोरा भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी धरम सिंह राजपूत थाना बांकीमोंगरा का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- धरम सिंह राजपूत, निवासी बांकीमोंगरा, जिला कोरबा
- फिरोज उर्फ राजा खान, निवासी कुसमुण्डा, जिला कोरबा
कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।













