छत्तीसगढ़/कोरबा :- छत्तीसगढ़ी भाषा को जनगणना में शामिल करने की मांग को लेकर गुरुवार को कोरबा में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी (JCP) और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के संयुक्त तत्वावधान में रैली निकालकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। संगठनों ने मांग की है कि वर्ष 2026-27 की जनगणना में छत्तीसगढ़ी भाषा को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। 
जिलाध्यक्ष जैनेन्द्र कुर्रे और सुरजीत सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ी केवल बोली नहीं, बल्कि प्रदेश के करोड़ों लोगों की पहचान है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्व-जनगणना पोर्टल में अन्य भाषाओं को स्थान दिया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ की राजभाषा छत्तीसगढ़ी की उपेक्षा की जा रही है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जनगणना में छत्तीसगढ़ी भाषा को शामिल नहीं किया गया तो प्रदेशभर में जनगणना के बहिष्कार के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।











