छत्तीसगढ़/कोरबा :- पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर क्षेत्र में हुए चर्चित चंद्रमणि रात्रे उर्फ ‘दादू’ हत्याकांड का खुलासा करते हुए कोरबा पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। छह-सात जून की दरमियानी रात बोलेरो वाहन से कुचलकर गंभीर रूप से घायल किए गए चंद्रमणि रात्रे की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। अब तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की है।
मृतक के परिचित शुभम सिंह बघेल की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अलग-अलग विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान राजेन्द्र साहू उर्फ कुनाल साहू (22 वर्ष) निवासी कड़ारी, जिला सक्ती एवं वर्तमान पता विकास नगर कुसमुंडा की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी योगेन्द्र बघेल उर्फ योगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक CG-12 BD-5025 को पुलिस ने जप्त कर लिया है।
पुलिस जांच में एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम उसी दिन बाकीमोंगरा थाना क्षेत्र के बालगी में हुई डकैती की घटना में भी सामने आया है। इस मामले में पूर्व में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार और स्कूटी पहले ही जब्त की जा चुकी है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से दोनों मामलों की कड़ियां जुड़ने के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों और साक्ष्यों के संबंध में पुलिस की विवेचना अभी जारी है। कोरबा पुलिस ने इसे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा अभियान” के तहत मिली बड़ी सफलता बताया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीमों द्वारा किए गए सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच और ह्यूमन इंटेलिजेंस की भूमिका इस खुलासे में निर्णायक रही।











