HomeBreaking Newsअपराधियों के हौसले बुलंद : ASI के बेटे को बोलेरो से कुचला,...

अपराधियों के हौसले बुलंद : ASI के बेटे को बोलेरो से कुचला, अपोलो रिफर, पत्रकार का अपहरण कर बेरहमी से पीटा, फायरिंग कर लूटा

आधी रात कोरबा से बलगी मोड़ तक मचा आतंक, एक युवक ICU में, पत्रकार गंभीर, 25-30 हमलावरों ने किया पत्रकार पर हमला, पिस्टल भी तानी, फायरिंग की और अधमरा समझकर सड़क किनारे फेंका, कुछ संदेही हिरासत में, पुलिस को मिले अहम सुराग, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात शहर से लेकर बलगी मोड़ तक अज्ञात हमलावरों ने ऐसा तांडव मचाया, जिसने पूरे जिले को दहला दिया। घटना में एक सहायक उप निरीक्षक (ASI) का पुत्र गंभीर रूप से घायल होकर ICU में भर्ती किया गया लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद अपोलो रिफर किया गया है, जबकि युवा पत्रकार को कथित रूप से अगवा कर बेरहमी से पीटा गया, फायरिंग की गई और लूटपाट कर अधमरी हालत में सड़क किनारे फेंक दिया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे और पत्रकार जगत में भारी आक्रोश है। पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और सूत्रों के अनुसार पूछताछ के लिए कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे मामले के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।   

- Advertisement -
खाली सड़क पर शुरू हुआ विवाद, फिर कुचलकर भाग निकले आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 1 बजे बुधवारी बाईपास मार्ग पर कुछ युवक काले रंग की कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक सफेद बोलेरो वहां पहुंची और पर्याप्त जगह होने के बावजूद कार के सामने वाहन खड़ा कर विवाद शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रास्ता पूरी तरह खाली होने की बात कहने पर भी बोलेरो सवार युवक विवाद पर अड़े रहे। इसी बीच कार से बाहर निकले ASI रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे (दादू) को बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार वाहन से टक्कर मार दी और उसे कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अपोलो रिफर किया गया है ।

घटना का पीछा करना पत्रकार को पड़ा भारी

दुर्घटना के बाद युवा पत्रकार अरविंद राठौर अपने साथी साहिल निर्मलकर के साथ स्कूटी पर सवार होकर बोलेरो का पीछा करने निकल पड़े। पीछा करते हुए वे एनटीपीसी मार्ग से बलगी की ओर पहुंचे। बताया जा रहा है कि रास्ते में बोलेरो सवारों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। कुछ मोटरसाइकिलों पर पहुंचे युवकों ने अरविंद राठौर को स्कूटी से नीचे गिराया और जबरन अपने साथ ले गए। यह देखकर उनका साथी साहिल वहां से निकलकर अन्य लोगों को सूचना देने पहुंचा।

25 से 30 हमलावरों ने घेरकर बरपाया कहर

सूत्रों के अनुसार बलगी क्षेत्र के एक सुनसान स्थान पर पत्रकार अरविंद राठौर को ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद 25 से 30 युवकों ने उसे घेर लिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।मारपीट के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टलनुमा हथियार उसकी कनपटी पर तान दिया। भय पैदा करने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की गई। लगातार हमले से अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया।

मरा समझकर फेंका, फिर की लूटपाट

हमलावरों ने पत्रकार को तब तक पीटा जब तक वह लगभग बेसुध नहीं हो गया। इसके बाद उसे मृत समझकर बलगी मोड़ के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार हमलावर जाते-जाते उसके पास मौजूद लगभग एक लाख रुपये नकद, आईफोन, सोने की अंगूठी और सोने की चेन भी लेकर फरार हो गए। कुछ समय बाद होश आने पर अरविंद ने अपने दूसरे मोबाइल से साथियों को घटना की जानकारी दी।

 अस्पताल में इलाज जारी एक अपोलो रिफर

सूचना मिलने पर साथी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल पत्रकार को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं बोलेरो की टक्कर में घायल चंद्रमणि रात्रे की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक की उपचार के बाद अपोलो अस्पताल रिफर किया गया है, घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

कुछ संदेही हिरासत में, जल्द खुल सकता है राज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। बुधवारी बाईपास से लेकर बलगी मोड़ तक घटनास्थलों का निरीक्षण किया गया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम के पीछे की साजिश, हमलावरों की पहचान और वारदात के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकता है।

कई सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ASI के पुत्र को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी? पत्रकार पर हमला केवल पीछा करने की वजह से हुआ या फिर इसके पीछे कोई पूर्व नियोजित साजिश थी? आखिर इतनी बड़ी संख्या में हमलावर मौके पर कैसे जुटे? इन सभी सवालों के जवाब आने वाले समय में पुलिस जांच के बाद सामने आएंगे। वहीं पूरे जिले में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Must Read