HomeBreaking Newsजल जीवन मिशन की सुस्त रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को नोटिस...

जल जीवन मिशन की सुस्त रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को नोटिस और लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश

हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश, खराब सोलर पंपों की शीघ्र मरम्मत और जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों और ठेकेदारों को स्पष्ट चेतावनी दी है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने योजना अंतर्गत संचालित सभी कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जल जीवन मिशन के कई कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं करने तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध अनुबंध निरस्त कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में घरेलू नल कनेक्शन, जलस्रोतों एवं पानी की टंकियों के निर्माण, पाइपलाइन विस्तार, सोलर पंप स्थापना तथा समूह एवं एकल जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाएं तैयार हो चुकी हैं, वहां शीघ्र जलापूर्ति शुरू की जाए तथा सभी चिन्हित जलस्रोतों और पाइपलाइनों को जल्द चालू किया जाए।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। टंकी निर्माण एवं एफएसटीसी कार्य पूर्ण हो चुके क्षेत्रों में जल्द जलापूर्ति प्रारंभ करने तथा विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्ण हो चुके कार्यों का गंभीरता से ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण कराने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में सोलर पंप आधारित पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए खराब पड़े सोलर पंपों की सूची तैयार कर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था के बेहतर संचालन और रखरखाव के लिए नल-जल मित्रों का नया बैच तैयार कर उन्हें तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देने को भी कहा।
बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा आश्रम-छात्रावासों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए टेपनल आधारित जल कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, कार्यपालन अभियंता श्री राम उरांव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read