HomeBreaking Newsनहर ब्रिज चोरी के मास्टर माइंड के तीन मंजिला अवैध मकान पर...

नहर ब्रिज चोरी के मास्टर माइंड के तीन मंजिला अवैध मकान पर चला बुलडोजर, प्रशासन ने अपराधियों को दिया कड़ा संदेश

छत्तीसगढ़/कोरबा :- कोरबा में चोरी हुए नहर ब्रिज मामले में प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एवं कुख्यात कबाड़ माफिया मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी के राताखार स्थित तीन मंजिला अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर नेस्तनाबूद कर दिया। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई ने यह साफ संदेश दिया है कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

- Advertisement -

रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पर बने लोहे के पुल की चोरी ने पूरे शहर को चौंका दिया था। यह पुल लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन था, जिसे कुछ समय पहले काटकर चोरी कर लिया गया था। पुलिस जांच में इस सनसनीखेज चोरी का मास्टर माइंड शहर का कुख्यात कबाड़ माफिया मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी निकला। उसके खिलाफ मुख्य आरोपी के रूप में अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान प्रशासन को जानकारी मिली कि आरोपी ने राताखार बस्ती में शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर तीन मंजिला आलीशान मकान खड़ा कर लिया है। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचकर मकान को ध्वस्त कर दिया। 

निगम आयुक्त से लेकर पुलिस अधिकारी तक रहे मौजूद

कार्रवाई के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय पूरे समय स्थल पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी करते रहे। वहीं एसडीएम सरोज महिलांगे, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, निगम उपायुक्त नीरज कौशिक, तहसीलदार बजरंग साहू, टीआई मोतीलाल पटेल सहित प्रशासन, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर डटे रहे।

कार्रवाई रोकने की कोशिश भी नाकाम

सूत्रों के अनुसार आरोपी को कार्रवाई की भनक पहले ही लग गई थी। कार्रवाई रोकने के उद्देश्य से घर तक पहुंचने वाले रास्ते में कबाड़ से भरे वाहन और अन्य सामान खड़े कर रास्ता बाधित करने का प्रयास किया गया। हालांकि प्रशासन ने सभी अवरोध हटाकर कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान बाधा उत्पन्न करने वाले कुछ लोगों पर भी वैधानिक कार्रवाई की गई।

150 से अधिक पुलिस बल रहा तैनात

प्रशासन को पहले से आशंका थी कि कार्रवाई के दौरान विरोध या अवरोध उत्पन्न हो सकता है। इसी को देखते हुए करीब 150 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।

जप्त सामग्री आरोपी को सौंपी गई

कार्रवाई के दौरान मकान से जप्त की गई सामग्री को विधिवत दस्तावेजी प्रक्रिया के तहत आरोपी मुकेश साहू को हैंडओवर किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जप्त सामग्री में किसी प्रकार की हेराफेरी की जाती है तो आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपराधियों के लिए चेतावनी

इस बड़ी कार्रवाई के बाद शहर में साफ संदेश गया है कि शासकीय अथवा नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। आम नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि इससे अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और अपराध करने से पहले वे कई बार सोचने को मजबूर होंगे।

Must Read