HomeBreaking Newsकारगिल योद्धा से ₹34.40 लाख की कथित धोखाधड़ी: कोरबा के सराफा कारोबारी...

कारगिल योद्धा से ₹34.40 लाख की कथित धोखाधड़ी: कोरबा के सराफा कारोबारी जय सोनी सहित 4 पर FIR दर्ज

कोरबा/रांची :-  कारगिल युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैनिक प्रेमचंद पाण्डेय से रांची के एक टोल प्लाजा में साझेदारी दिलाने के नाम पर ₹34.40 लाख की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर झारखंड के नगड़ी थाना पुलिस ने कोरबा के सराफा व्यवसायी जय कुमार सोनी, उसके साले जतिन रामवानी, टोल मैनेजर लवकुश यादव तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

- Advertisement -

शिकायतकर्ता प्रेमचंद पाण्डेय, जो कोरबा के दर्री निवासी एवं पूर्व सैनिक हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि न्यू जेके ज्वेलर्स में लेन-देन के दौरान उनकी पहचान जय कुमार सोनी और जतिन रामवानी से हुई। दोनों ने स्वयं को झारखंड में टोल प्लाजा संचालन से जुड़ा बताते हुए रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित पतरा चौली टोल प्लाजा में साझेदारी का प्रस्ताव दिया।

NHAI टेंडर मिलने का दिया गया कथित झांसा

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने दावा किया कि उन्हें टोल प्लाजा का टेंडर मिला है और धनाभाव के कारण वे इसे पार्टनरशिप पर संचालित कराना चाहते हैं। टेंडर से जुड़े दस्तावेज और स्क्रीनशॉट दिखाकर व्यवसाय को लाभदायक बताया गया। इसके बाद प्रेमचंद पाण्डेय को रांची ले जाकर टोल प्लाजा दिखाया गया और निवेश के लिए प्रेरित किया गया।

बैंक और नकद के माध्यम से लिए ₹34.40 लाख

आवेदन में कहा गया है कि अगस्त 2025 से विभिन्न किस्तों में नकद और बैंक खातों के जरिए कुल ₹34.40 लाख लिए गए। शिकायतकर्ता ने बैंक लेन-देन और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपने का दावा किया है।

100 रुपये के स्टांप पर हुआ अनुबंध

शिकायत के मुताबिक बाद में ₹100 के स्टांप पेपर पर एक अनुबंध किया गया, जिसमें टोल प्लाजा के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी प्रेमचंद पाण्डेय को देने का उल्लेख था। शिकायतकर्ता का कहना है कि LOA मिलने के बाद 19 सितंबर 2025 से उनके कर्मचारियों ने टोल प्लाजा का संचालन भी शुरू कर दिया था।

आय बढ़ने पर कब्जे और धमकी का आरोप

पूर्व सैनिक का आरोप है कि कुछ महीनों बाद टोल की आय बढ़ने पर जय सोनी, जतिन रामवानी और टोल मैनेजर लवकुश यादव ने उनके कर्मचारियों को धमकाकर भगा दिया और टोल संचालन अपने कब्जे में ले लिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया और कर्मचारियों को जान से मारने की धमकियां दी गईं।

NHAI कार्यालय में मिली जानकारी

शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में जब वे NHAI के रांची कार्यालय पहुंचे तो अधिकारियों ने बताया कि टोल प्लाजा को पार्टनरशिप या सबलेट पर देने का कोई प्रावधान नहीं है। इसके बाद उन्हें कथित धोखाधड़ी का संदेह हुआ।

मारपीट, लूट और जान से मारने की धमकी का भी आरोप

प्रेमचंद पाण्डेय ने आरोप लगाया कि 7 जुलाई 2026 को रुपये वापस मांगने पर जय कुमार सोनी, जतिन रामवानी, लवकुश यादव और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनका एक दांत टूट गया। उन्होंने सोने की चेन और चांदी का ब्रेसलेट छीनने तथा पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

FIR दर्ज, जांच शुरू

आवेदन के आधार पर नगड़ी थाना में कांड क्रमांक 126/2026 दिनांक 25 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 316(1), 318(4), 126(2), 115(2), 303(2), 351(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस उप निरीक्षक यशराज सिंह को सौंपी गई है।

Must Read