कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण, आवास और भोजन की भी रहेगी निःशुल्क व्यवस्था
छत्तीसगढ़/कोरबा :- पहाड़ी कोरवा समुदाय के युवक-युवतियों को आर्थिक रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कोरबा में तीन दिवसीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार यह प्रशिक्षण 28 से 30 नवंबर 2026 तक लाइवलीहुड कॉलेज, कोरबा में आयोजित होगा। इसमें समुदाय के 100 युवक-युवतियों को वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय संस्थाओं के माध्यम से राशि की गणना, आर्थिक लेन-देन, आय-व्यय का हिसाब रखने, बचत करने, निवेश की समझ विकसित करने और उचित स्रोत से ऋण प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य पहाड़ी कोरवा समुदाय के युवाओं को अपनी आमदनी का सही प्रबंधन करने और भविष्य के लिए बेहतर आर्थिक निर्णय लेने में सक्षम बनाना है।
उल्लेखनीय है कि पहाड़ी कोरवा समुदाय के अनेक परिवार लघु वनोपज, कृषि उपज और अन्य वन उत्पादों की बिक्री के माध्यम से आजीविका अर्जित करते हैं। वे स्थानीय व्यापारियों, लैम्प्स, सोसायटी और मंडियों में अपने उत्पाद बेचते हैं। इसके अलावा समुदाय के कई सदस्य शासकीय संस्थानों में भी कार्यरत हैं। ऐसे में वित्तीय साक्षरता का प्रशिक्षण उन्हें अपनी कमाई का हिसाब रखने, नियमित बचत करने और आर्थिक लेन-देन में जागरूक रहने में मददगार साबित होगा।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा प्रशिक्षण में शामिल होने वाले युवक-युवतियों के लिए आवास, चाय-नाश्ता, भोजन, पेयजल तथा आने-जाने के लिए वाहन किराये की व्यवस्था भी की गई है।
कक्षा आठवीं या उससे अधिक शिक्षित पहाड़ी कोरवा समुदाय के इच्छुक युवक-युवतियां प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए कार्यालयीन स्टाफ के मोबाइल नंबर 9589656658 एवं 7999021609 पर संपर्क कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।












