HomeBreaking Newsघटिया चावल वितरण पर जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश, डीएमएफ के...

घटिया चावल वितरण पर जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश, डीएमएफ के अधूरे कार्यों पर होगी आरआरसी वसूली

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की बैठक में दिखाई सख्ती, चावल की गुणवत्ता स्वीकृत करने वाले अधिकारियों और राइस मिलर पर कार्रवाई के निर्देश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  पाली विकासखंड की उचित मूल्य दुकानों में घटिया चावल वितरण की शिकायत को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने खाद्य विभाग को मामले की जांच कर चावल की गुणवत्ता स्वीकृत करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित राइस मिलर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने सहित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि मिलने के बावजूद वर्षों से अप्रारंभ और अधूरे पड़े निर्माण कार्यों पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधितों से आरआरसी के तहत वसूली की कार्रवाई करने को कहा है।

- Advertisement -

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कामकाज, लंबित प्रकरणों और शासन की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों के लिए राशि जारी होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं करना अथवा वर्षों तक अधूरा छोड़ देना गंभीर लापरवाही है। ऐसे मामलों में सभी एसडीएम को आरआरसी वसूली के प्रकरण तैयार करने और हर सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग से संबंधित आरआरसी वसूली की कार्रवाई 15 दिसंबर तक पूरी करने को भी कहा।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कार्यालय, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनशिकायतों और विभागीय मंत्रियों से प्राप्त पत्रों से जुड़े लंबित मामलों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पोर्टल पर दर्ज प्रगति और जिले की रैंकिंग की जानकारी ली। कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य और पशुधन विकास विभाग को निर्देशित किया।

बैठक में पीएम-किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषक उत्पादक संगठन, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, परंपरागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, दलहन में आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उद्यानिकी विभाग को 100 हेक्टेयर का लक्ष्य पूरा करने तथा मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से लाइवलीहुड कॉलेज में ‘ड्रोन दीदी’ पहल के तहत महिला किसानों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए।

इतवारी बाजार में अतिक्रमण की शिकायत पर कलेक्टर ने एसडीएम को सीमांकन कराने और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में घटिया निर्माण कार्य से संबंधित समाचार पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम को कार्रवाई करने को कहा। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एनएचएम की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

छात्रवृत्ति के मामले में भी कलेक्टर ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र महाविद्यालयीन विद्यार्थियों से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसके लिए कॉलेजों को पत्र जारी करने और एक सप्ताह बाद भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधितों को नोटिस जारी करने को कहा, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।

ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता रैलियां आयोजित करने की जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग को सौंपी गई। पुलिस और आबकारी विभाग को चीताखोल पर्यटन स्थल सहित अन्य पिकनिक स्थलों पर शराब पीकर अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को कोरबा विकासखंड के किसी एक गांव को सौर ऊर्जा आधारित बनाने की दिशा में काम करने तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने को कहा गया।

शिक्षा विभाग को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) की राशि का भुगतान निर्धारित समय-सीमा में करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने चेतावनी दी कि अनावश्यक विलंब होने पर जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, कोरबा वनमंडलाधिकारी प्रेमलता यादव, अपर कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Must Read