खसरा और फसल प्रविष्टि में गड़बड़ी के प्रकरणों का होगा भौतिक सत्यापन, 30 नवंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
छत्तीसगढ़/कोरबा :- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी को लेकर किसानों के फसल संबंधी दावों और आपत्तियों का अब भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को खसरा एवं फसल प्रविष्टि से जुड़े प्रकरणों की जांच कर निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पात्र किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और राजस्व अभिलेखों में वास्तविक फसल की स्थिति दर्ज होनी चाहिए।
राज्य शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, ऐसे खसरों की मैपिंग के लिए संबंधित समिति की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों की निगरानी कर संबंधित समितियों के माध्यम से निराकरण कराने के निर्देश दिए हैं। खसरा मैपिंग के लिए 15 जनवरी 2027 तक की समयसीमा निर्धारित की गई है।
इसी तरह जिन खसरों में डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के माध्यम से दूसरी फसल दर्ज है, जबकि संबंधित किसान ने धान की खेती करने का दावा किया है, ऐसे मामलों में तहसीलदार द्वारा विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा जिन खसरों में DCS और पटवारी सत्यापन ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण सत्यापन नहीं हो पाया है, उनका भी परीक्षण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री दुदावत ने तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करने के साथ मौके पर पहुंचकर वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच की जाए। फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटो भी संलग्न किए जाएं।
सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर फसल प्रविष्टि अथवा संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य वास्तविक फसल की स्थिति के अनुरूप अभिलेखों को दुरुस्त करना और पात्र किसानों के धान विक्रय में आने वाली संभावित बाधाओं को दूर करना है।












