HomeBreaking Newsकोरबा में जाली नोट चलाने की कोशिश, नाबालिग से पूछताछ के बाद...

कोरबा में जाली नोट चलाने की कोशिश, नाबालिग से पूछताछ के बाद 24 वर्षीय युवक गिरफ्तार

₹200 के 15 जाली नोट और प्रिंटर जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर; विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया पेश

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  शहर में जाली नोट खपाने की कोशिश का मामला सामने आया है। सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा, जिसके पास से ₹200 के 15 जाली नोट बरामद हुए। पूछताछ में जाली नोट उपलब्ध कराने के आरोप में मानस नगर निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ सिक्कू का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे एवं निशानदेही से घटना में प्रयुक्त प्रिंटर भी जब्त किया गया है।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मानस नगर क्षेत्र में रहने वाला एक बालक, जो खिलौने बेचने का काम करता है, अपने पास ₹200 के जाली नोट रखकर बाजार में चलाने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने कार्रवाई की और बालक को सुभाष चौक के पास पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आया जाली नोट उपलब्ध कराने वाले का नाम

पुलिस की पूछताछ में बालक ने बताया कि उसे मानस नगर निवासी अभिषेक शर्मा उर्फ सिक्कू ने ₹200 के जाली नोट दिए थे। बालक ने कथित तौर पर एक नोट चलाने का प्रयास किया था, जबकि उसके पास 15 अन्य जाली नोट मौजूद थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अभिषेक शर्मा की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई।

₹3,000 के जाली नोट और प्रिंटर जब्त

पुलिस ने बालक के कब्जे से ₹200 के 15 जाली नोट, कुल ₹3,000 मूल्य के, बरामद कर विधिवत जब्त किए। गवाहों की मौजूदगी में नोटों की पहचान और पंचनामा कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपी अभिषेक शर्मा उर्फ सिक्कू की निशानदेही पर कथित घटना में इस्तेमाल किया गया प्रिंटर भी जब्त किया गया। पुलिस ने नोटों और प्रिंटर को प्रकरण में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा है।

आरोपी गिरफ्तार, 2 नवंबर तक न्यायिक रिमांड

पुलिस के मुताबिक, अभिषेक शर्मा उर्फ सिक्कू (24 वर्ष), पिता रघु शर्मा, निवासी हनुमान मंदिर के पास, मानस नगर, चौकी सीएसईबी, जिला कोरबा को 20 अक्टूबर 2026 को शाम 4:40 बजे गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 179, 180 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 2 नवंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड प्राप्त हुई।

वहीं, विधि से संघर्षरत बालक की पहचान और व्यक्तिगत विवरण गोपनीय रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

Must Read