पीएम जनमन व प्रधानमंत्री आवास को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश, बालिका शौचालयों में गुणवत्ता पर दिया जोर
छत्तीसगढ़/कोरबा :- मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन ने गुरुवार को कोरबा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन आवास, वीबी-जी राम जी, बालिका शौचालय सहित विभिन्न विकास कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। 
सीईओ श्री जैन ने ग्राम पंचायत सोनपुरी के आश्रित ग्राम सरायपाली में वीबी-जी राम जी के तहत संचालित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। वहीं ग्राम पंचायत अजगरबहार में पीएम जनमन आवास के अधूरे कार्यों का जायजा लेते हुए हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और आवास निर्माण शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को विशेष पिछड़ी जनजाति (PVTG) परिवारों के आवासों को अभियान चलाकर प्राथमिकता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। 
ग्राम पंचायत माखुरपानी में पीएम जनमन आवास के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने कहा। ग्राम पंचायत गढ़ उपरोड़ा में वीबी-जी राम जी के तहत निर्मित डबरी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के परिवारों से संवाद कर उन्हें आवास निर्माण के लिए प्रेरित किया तथा पीएम जनमन के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश सरपंच एवं सचिव को दिए। 
ग्राम पंचायत देवपहरी एवं उसके आश्रित ग्राम तीतरडांड में पीएम जनमन आवास और बालिका शौचालय निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने संबंधितों को कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बालिका शौचालयों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने मानक प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण, ब्रांडेड नल एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग के निर्देश दिए। 
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री जैन ने स्कूल एवं छात्रावास का भी निरीक्षण किया। सरायपाली-अजगरबहार प्राथमिक शाला में उन्होंने बच्चों से गिनती, जोड़-घटाव एवं पहाड़े पूछे और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यालयीन व्यवस्थाओं एवं बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी भी ली।
उन्होंने एनआरएलएम से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली तथा आय में वृद्धि के लिए विभिन्न आयमूलक एवं आजीविका संवर्धन गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
सीईओ श्री जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। तकनीकी अमला नियमित रूप से फील्ड विजिट कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की निगरानी करे तथा लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें समय-सीमा में पूर्ण कराए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री तरुण कुमार किरण, अनुविभागीय अधिकारी श्री आदित्य दुबे, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक श्री निखिल गुप्ता सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।












