निहारिका गणेशोत्सव समिति द्वारा दस दिवसीय श्री गणेश कथा का शुभारंभ, गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण
छत्तीसगढ़/कोरबा :- विश्व कल्याण की मंगल भावना के पावन उद्देश्य से निहारिका गणेशोत्सव समिति के तत्वावधान में महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में दस दिवसीय श्री गणेश कथा का शुभारंभ गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर 2026, सोमवार को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ हुआ। व्यास पीठ से सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति के संस्थापक एवं भागवत-मानस मर्मज्ञ परम पूज्य पंडित श्री देवशरण दुबे जी अपनी सुमधुर वाणी से श्रद्धालुओं को श्री गणेश कथा का रसपान करा रहे हैं।
कथा के प्रथम दिवस मंगल कलश यात्रा एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ श्री गणेश कथा का शुभारंभ हुआ। पंडित देवशरण दुबे जी ने भगवान श्री गणेश के प्राकट्य, उनकी महिमा एवं प्रथम पूज्य बनने की कथा का भावपूर्ण और प्रेरणादायक वर्णन किया। 
उन्होंने बताया कि भगवान श्री गणेश ने अपनी माता पार्वती की आज्ञा का पालन करते हुए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की। मातृ आज्ञा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और कर्तव्य के प्रति समर्पण के कारण उन्हें अपने प्राणों की आहुति देनी पड़ी। भगवान गणेश की महान आज्ञाकारिता से प्रसन्न होकर महादेव ने उन्हें पुनः जीवन प्रदान किया। इसके पश्चात समस्त देवताओं ने उन्हें अपनी-अपनी शक्तियां, सिद्धियां और आशीर्वाद प्रदान किए, जिसके फलस्वरूप भगवान गणेश बुद्धि, सिद्धि और विघ्न विनाश के प्रतीक बने।
पंडित देवशरण दुबे जी ने कहा कि भगवान श्री गणेश का प्राकट्य हमें यह संदेश देता है कि माता-पिता की आज्ञा, कर्तव्य के प्रति समर्पण और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने वाला व्यक्ति जीवन में अवश्य महान बनता है। त्याग, अनुशासन और आज्ञाकारिता ऐसे गुण हैं, जो साधारण व्यक्ति को असाधारण बना देते हैं। जो अपने माता-पिता और गुरु की आज्ञा का सम्मान करता है, उसे जीवन में सिद्धि, बुद्धि, यश और सफलता स्वतः प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश की बुद्धिमत्ता, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा ही उन्हें समस्त देवताओं में प्रथम पूजनीय बनाती है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कथा के अंत में आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि दश दिवसीय श्री गणेश कथा महानदी कॉम्प्लेक्स परिसर में 23 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगी। निहारिका गणेशोत्सव समिति एवं सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति ने अंचलवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रथम बार आयोजित इस विशेष श्री गणेश कथा में सहभागी बनने तथा पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।












