HomeBreaking Newsटाउन प्लानिंग विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति, सीएम...

टाउन प्लानिंग विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति, सीएम साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र

छत्तीसगढ़/रायपुर :-  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। राज्य गठन के बाद पहली बार विभाग में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है।

- Advertisement -

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भविष्य के छत्तीसगढ़ के शहरों को आकार देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब युवा टाउन प्लानर्स के कंधों पर है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए आवास, सड़क, परिवहन, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं के लिए वैज्ञानिक एवं दीर्घकालीन नियोजन जरूरी है।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुनियोजित शहरीकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार करेगा।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया से चयनित युवा अधिकारी अपनी कार्यशैली में भी पारदर्शिता बनाए रखें। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों की ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित अधिकारी और उनके परिजन मौजूद रहे।

Must Read