HomeBreaking Newsजन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट, 200 आदतन अपराधियों...

जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को लेकर कोरबा पुलिस अलर्ट, 200 आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों को दी कड़ी समझाइश

एसपी कार्यालय में भी करीब 50 लोगों को बुलाकर दी गई चेतावनी, त्योहार की आड़ में हुड़दंग या अपराध किया तो होगी सख्त कार्रवाई

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस ने आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों तथा पूर्व में त्योहारों के दौरान विवाद, हुड़दंग अथवा आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे लोगों को थाना एवं चौकी बुलाकर कड़ी समझाइश दी। पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहार की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी धार्मिक पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद, हुड़दंग अथवा शांति भंग की स्थिति को रोकना है। इसी उद्देश्य से जिले के प्रत्येक थाना एवं चौकी क्षेत्र में ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई, जो पूर्व में आपराधिक गतिविधियों, विवाद या उपद्रव में शामिल रहे हैं। संबंधित व्यक्तियों को थाना एवं चौकी बुलाकर उनके वर्तमान गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गई और भविष्य में किसी भी प्रकार की कानून विरोधी गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

जिलेभर में करीब 200 लोगों को दी गई समझाइश

विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगभग 200 व्यक्तियों को बुलाकर समझाइश दी गई। इसके अलावा एसपी कार्यालय में करीब 50 व्यक्तियों को उपस्थित कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने स्वयं कड़ी एवं स्पष्ट चेतावनी दी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने उपस्थित लोगों को निर्देशित किया कि आगामी पर्वों के दौरान कानून का पालन करते हुए शांति बनाए रखें। किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग, आपराधिक गतिविधि अथवा शांति भंग करने वाले कृत्य से पूरी तरह दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल खराब करने, विवाद उत्पन्न करने अथवा अपराध करने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को देखते हुए कोरबा पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने की तैयारी की है। थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर समय रहते आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की नजर विशेष रूप से उन लोगों पर रहेगी, जिनका पूर्व में विवाद, मारपीट, हुड़दंग अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है। पुलिस का प्रयास है कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालु बिना किसी भय के पर्व मना सकें।

शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने जिले के नागरिकों से जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध, विवादित अथवा अप्रिय गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को देने कहा है। कोरबा पुलिस का कहना है कि धार्मिक पर्व जिले की सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक हैं। ऐसे में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे उत्सव के दौरान अनुशासन बनाए रखें और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पर्व मनाने की पूरी आजादी है, लेकिन कानून हाथ में लेने या शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कोरबा पुलिस
सजग कोरबा–सतर्क कोरबा

Must Read