छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 12 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई से जिलेभर में खनिज माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग की टीम ने राताखार में अवैध रेत परिवहन करते हुए 3 ट्रैक्टर, कसरेंगा में 2 ट्रैक्टर, बरमपुर में 1 ट्रैक्टर, सुराकछार में 1 ट्रैक्टर, पाली में 1 ट्रैक्टर, कापूबहरा में अवैध मिट्टी परिवहन करते हुए 1 टीपर तथा भिलाई बाजार में 2 ट्रैक्टर और 1 टीपर को जब्त किया।
जब्त किए गए सभी वाहनों को सिविल लाइन थाना, रामपुर थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, पाली थाना, हरदीबाजार थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।












