छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं तथा दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराए जाएं। उन्होंने सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाने, क्षतिग्रस्त रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के तीव्र मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए कहा।
रिस्दा ब्रिज मामले में एसडीओ सेतु को नोटिस
कलेक्टर ने बालको ऐश डेक रोड एवं रिस्दी ब्रिज से बजरंग चौक मार्ग के मरम्मत कार्य के दौरान ट्रैफिक डायवर्सन के लिए समिति गठित कर वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, रिस्दा ब्रिज की मरम्मत के लिए निर्धारित समय में प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग (सेतु) के एसडीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर ढाबों, रेस्टोरेंटों एवं अन्य स्थानों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बिलासपुर-अंबिकापुर तथा कोरबा-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग हटाने और निर्धारित स्थानों पर भारी वाहनों की पार्किंग संबंधी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को परिवहन एवं यातायात विभाग के समन्वय से प्रत्येक सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में हेलमेट रैली, निबंध, क्विज प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
नाबालिग वाहन चालकों पर चलेगा विशेष अभियान
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक लेकर नाबालिग विद्यार्थियों के दोपहिया वाहन से स्कूल आने पर रोक सुनिश्चित करने तथा संस्थानों में यातायात नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए।
एसपी ने शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल एवं ओंकार यादव, जिला परिवहन अधिकारी अतुल कुमार असैय्या सहित लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, एसईसीएल, बालको तथा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।












