छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में नशे के बढ़ते खतरे को देखते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में सख्त तेवर अपनाए। अभियान की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने उप संचालक समाज कल्याण और जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि नशा मुक्ति अभियान में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा महाविद्यालयों को तंबाकू मुक्त परिसर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए और कोटपा अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों और कॉलेजों में ‘माय भारत युवा कार्यक्रम’ के तहत 100 सप्ताह तक नियमित नशा मुक्ति अभियान चलाया जाए। इस दौरान रैली, शपथ, संगोष्ठी, निबंध, पोस्टर प्रतियोगिता और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आश्रम एवं छात्रावासों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को प्रत्येक विकासखंड में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने तथा भारत वाहिनी की इकाइयों को सक्रिय कर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे के दुष्परिणामों से समाज को जागरूक करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में जिले के नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी केंद्रों का निर्धारित क्षमता के अनुरूप प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध रूप से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की पहचान कर उन्हें तत्काल बंद कराने तथा संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर दुदावत ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का रूप देने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और जिले में नशा मुक्त वातावरण तैयार करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्य बातें
1. उप संचालक समाज कल्याण और जिला शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस के निर्देश।
2. 100 सप्ताह तक स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशा मुक्ति अभियान।
3. सभी शिक्षण संस्थानों को बनाया जाएगा तंबाकू मुक्त परिसर।
4. 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई।
5. अवैध नशा मुक्ति केंद्रों को बंद कराने के निर्देश।
6. ग्रामीण क्षेत्रों में भारत वाहिनी के माध्यम से चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान।
नशे के खिलाफ कलेक्टर का बड़ा एक्शन: दो अधिकारियों को नोटिस, 100 सप्ताह चलेगा नशा मुक्ति अभियान स्कूल-कॉलेज होंगे तंबाकू मुक्त, 100 गज के दायरे में तंबाकू बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई • अवैध नशा मुक्ति केंद्र भी होंगे बंद












