HomeBreaking Newsसीईओ जिला पंचायत का मैदानी दौरा: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती,...

सीईओ जिला पंचायत का मैदानी दौरा: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सख्ती, लापरवाह शिक्षकों पर कार्रवाई के निर्देश

स्व-सहायता समूह की महिलाओं का किया उत्साहवर्धन, विशेष ग्राम सभा में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अमृत सरोवर में किया पौधरोपण

छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री प्रतीक जैन ने गुरुवार को जनपद पंचायत कटघोरा के ग्राम पंचायत ढेलवाडीह, चाकाबुड़ा, देवगांव, बतारी, रंजना, झाबर और घुंचापुर का दौरा कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।   

- Advertisement -

दौरे की शुरुआत ग्राम ढेलवाडीह से हुई, जहां सीईओ ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, सामुदायिक शौचालय, कचरा छंटाई शेड और अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आसपास की पंचायतों से प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्रित कर यूनिट की क्षमता बढ़ाने तथा सामुदायिक शौचालय का संचालन स्व-सहायता समूह को सौंपने के निर्देश दिए। 

ग्राम चाकाबुड़ा में नवनिर्मित पीडीएस गोदाम, निर्माणाधीन पंचायत भवन और आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए परिसर में पौधरोपण एवं सुरक्षा दीवार निर्माण के निर्देश दिए। इस दौरान खुशी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा कोकून से धागा निकालने की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा महिलाओं से चर्चा कर उन्हें नई मशीन और शेड उपलब्ध कराने के लिए आरएफ एवं सीआईएफ मद से प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।   

स्कूल निरीक्षण में शिक्षक मिले अनुपस्थित

प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला चाकाबुड़ा के निरीक्षण के दौरान अध्ययन समय में शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीईओ ने जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

ग्राम देवगांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों को शीघ्र निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। वहीं ग्राम बतारी के बरेली हाट बाजार में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय और महतारी सदन का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने तथा परिसर में बच्चों के लिए क्रीड़ा स्थल विकसित करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के क्लस्टर संगठन की बैठक में शामिल होकर उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से योजनाओं और आजीविका गतिविधियों पर चर्चा की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

ग्राम रंजना स्थित अमृत सरोवर परिसर में सीईओ ने आम और जामुन सहित फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) एवं ग्राम पुस्तकालय का निरीक्षण कर पुस्तकालय में आकर्षक चित्रकारी कराने के निर्देश एसडीओ आरईएस को दिए।

झाबर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में शामिल होकर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि एसईसीएल के समन्वय से समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

दौरे के अंतिम चरण में ग्राम मोहनपुर के आश्रित ग्राम घुंचापुर स्थित गोबर गैस संयंत्र का निरीक्षण कर उसे शीघ्र क्रियाशील बनाने के निर्देश पंचायत को दिए।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कटघोरा के सीईओ श्री यशपाल सिंह, एसडीओ आरईएस श्री ए.के. भार्गव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Must Read