छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई का दावा कर रहा है। ताजा अभियान में सीतामढ़ी, राताखार, कुसमुंडा, कटघोरा और बरमपुर क्षेत्र से अवैध खनिज परिवहन में लगे 9 वाहनों को जब्त किया गया। इसके बावजूद शहर के भीतर दिन-रात रेत से लदे ट्रैक्टर और टीपर बेखौफ सड़कों पर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं, जिससे विभाग की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर गठित खनिज उड़नदस्ता दल ने अभियान के दौरान 2 ट्रैक्टर, 2 हाइवा, 2 टीपर तथा 3 अन्य वाहनों को जब्त किया। जब्त वाहनों को सिटी कोतवाली, सर्वमंगला चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना और कटघोरा खनिज जांच चौकी में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाकर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 एवं छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों पर रेत से लदे ट्रैक्टर और टीपर रोजाना खुलेआम आवाजाही करते देखे जा सकते हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि यदि अवैध परिवहन शहर के भीतर भी जारी है, तो वहां अभियान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी क्यों दिखाई देती है।
लोगों का मानना है कि यदि शहर के अंदर भी आउटर क्षेत्रों की तरह नियमित जांच, आकस्मिक निरीक्षण और सघन कार्रवाई की जाए तो अवैध रेत परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। अब देखना होगा कि खनिज विभाग अपनी मुहिम को केवल बाहरी क्षेत्रों तक सीमित रखता है या शहर के भीतर भी समान सख्ती के साथ कार्रवाई करता है।












