छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्राप्त सभी आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा के भीतर जांच कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 123 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नवीन अंत्योदय पात्रता कार्ड बनाने, वन पट्टों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर पंजीयन, सीपेट में प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, स्कूलों में मानदेय शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितता की जांच, भूमि सीमांकन, बैटरी ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने, अधिक बिजली बिल की शिकायत, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, सड़क मरम्मत, पेंशन, मुआवजा सहित अन्य जनहित से जुड़े आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निराकरण किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
जनदर्शन के दौरान अपर कलेक्टर श्री देवेन्द्र पटेल, सहायक कलेक्टर श्री ईशांत जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












