नोवा नेचर और वन विभाग की जागरूकता मुहिम का असर, सर्प दिखने पर मारने के बजाय रेस्क्यू टीम को दी सूचना
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में नोवा नेचर एवं वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे सर्प संरक्षण एवं जनजागरूकता अभियान का सकारात्मक असर अब दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। सतरंगा रोड से लगे ग्राम जाम बहार में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे एक ग्रामीण के घर में लगभग 6 फीट लंबा अहिराज सांप ईंटों के बीच जाकर छिप गया। पहले जहां ऐसे मामलों में लोग भयवश सांप को मार देते थे, वहीं इस बार ग्रामीणों ने जागरूकता का परिचय देते हुए उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया और तत्काल वन विभाग की रेस्क्यू टीम एवं नोवा नेचर के सर्प विशेषज्ञ जितेंद्र सारथी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ अहिराज का सफल रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों को सर्पों की पारिस्थितिकी में भूमिका, उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह भी दी गई।
जितेंद्र सारथी ने बताया कि उनकी टीम पूरे कोरबा जिले में 24 घंटे लोगों की सूचना पर पहुंचकर वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों के सहयोग से अधिक से अधिक वन्यजीवों का जीवन बचाया जा रहा है।
उन्होंने जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्प संरक्षण से जुड़े समाचारों और जनजागरूकता अभियानों के निरंतर प्रकाशन एवं प्रसारण से लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। अब ग्रामीण सर्पों को मारने के बजाय उनके सुरक्षित रेस्क्यू के लिए सूचना दे रहे हैं, जो वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
रेस्क्यू हेल्पलाइन:
📞 8817534455, 7999622151












