एक जून से 20 जुलाई तक जिले की सभी तहसीलों में अच्छी वर्षा, कई क्षेत्रों में 400 मिमी से अधिक रिकॉर्ड
छत्तीसगढ़/कोरबा :- मानसून ने कोरबा जिले में अच्छी शुरुआत की है। एक जून से 20 जुलाई 2026 तक जिले में 381.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से जलाशयों और नदी-नालों में जलस्तर बढ़ा है, वहीं किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई के लिए भी पर्याप्त नमी मिल रही है।
अधीक्षक भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की विभिन्न तहसीलों में वर्षा का आंकड़ा अलग-अलग रहा। दर्री तहसील में सर्वाधिक 477 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि पाली में 473.8 मिलीमीटर, पोंड़ीउपरोड़ा में 437 मिलीमीटर, पसान में 426.3 मिलीमीटर, दीपका में 409.2 मिलीमीटर, कोरबा में 405.5 मिलीमीटर और कटघोरा में 402.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा हरदीबाजार में 372.2 मिलीमीटर, बरपाली में 322.8 मिलीमीटर, भैंसमा में 313.4 मिलीमीटर, अजगरबहार में 290.6 मिलीमीटर तथा करतला में सबसे कम 251.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी जिले में वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा नदी-नालों के उफान के दौरान अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है। लगातार हो रही बारिश से जिले में खरीफ कृषि कार्यों को गति मिलने के साथ-साथ जल स्रोतों के भरने की उम्मीद भी बढ़ गई है।











