HomeBreaking Newsहरियाली के लिए हजारों कदम: 'रन फॉर ग्रीन' बना कोरबा का जनआंदोलन,...

हरियाली के लिए हजारों कदम: ‘रन फॉर ग्रीन’ बना कोरबा का जनआंदोलन, दो माह चलेगा विशेष अभियान

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में शनिवार को कोरबा में आयोजित “रन फॉर ग्रीन” मैराथन महज एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि हरित भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प का प्रतीक बन गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जिला प्रशासन की पहल पर हजारों लोगों ने मैराथन में दौड़ लगाई, पौधरोपण किया और स्वच्छता अभियान में भाग लेकर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

- Advertisement -

https://www.instagram.com/reel/Da8SE3vCJNK/?igsh=dml6dDZzMDJsenBk

डॉ. भीमराव आंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम, घंटाघर से शुरू हुई लगभग पांच किलोमीटर लंबी मैराथन को महापौर संजू देवी राजपूत ने कलेक्टर कुणाल दुदावत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, युवा, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।   
औद्योगिक शहर को हराभरा बनाने दो माह का अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि कोरबा एक औद्योगिक एवं खनन क्षेत्र है, इसलिए यहां पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से अगले दो माह तक विशेष जनअभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पौधरोपण के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगा।   
किरण पिस्दा बनीं युवाओं की प्रेरणा
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी तथा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा रहीं। उन्होंने युवाओं को खेल, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाए।
मैराथन के बाद पौधरोपण और स्वच्छता अभियान
मैराथन समाप्त होने के बाद प्रतिभागियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण किया और स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में युवाओं के उत्साह को बढ़ाने के लिए जुम्बा सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।   
महापौर ने कहा— प्रकृति के प्रति सम्मान का अभियान
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मातृत्व और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम भी है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।     
विजेताओं को मिला नगद पुरस्कार
मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार प्रदान किए गए।
महिला वर्ग
प्रथम : नेहा साहू – ₹10,000
द्वितीय : अनंता रूपदास – ₹5,000
तृतीय : शीतल कौशल – ₹3,000
पुरुष वर्ग
प्रथम : मनीष कुमार – ₹10,000
द्वितीय : अनुराग श्रीवास – ₹5,000
तृतीय : निखिल बरेठ – ₹3,000।   
सामाजिक संगठनों और युवाओं की रही उल्लेखनीय भागीदारी
रोटरी क्लब, चेम्बर ऑफ कॉमर्स, जेसीआई, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं 200 से अधिक “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” तथा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हरित कोरबा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।   
हरित कोरबा की दिशा में मजबूत पहल
‘रन फॉर ग्रीन’ ने यह साबित कर दिया कि यदि प्रशासन और समाज मिलकर पहल करें तो पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनआंदोलन बन सकता है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पौधरोपण करने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हराभरा कोरबा मिल सके। 

Must Read