‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कार्रवाई, 10 बाइक समेत नकदी व मोबाइल जब्त
छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत करतला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बड़मार के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर छह जुआरियों को गिरफ्तार किया है। 
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से 5,350 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, एक तिरपाल, 6 मोबाइल फोन तथा 10 मोटरसाइकिल जब्त किए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध क्रमांक 111/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णाराय (35), सर्वजीत राय (43), विजय शर्मा (48), संतोष गबेल (48), बसंत खूंटे (32) और कृष्णा दास (50) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम करतला के निवासी हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










