कलेक्टर के निर्देश पर खनिज उड़नदस्ता दल की बड़ी कार्रवाई, अवैध उत्खनन और परिवहन पर कसा शिकंजा

अभियान के दौरान जिले के 15 से अधिक संवेदनशील एवं संदिग्ध क्षेत्रों—सीतामढ़ी, कपाटमुड़ा, सुराकछार, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, बरमपुर, बांकीमोगरा, सुमेधा, कुमगरी, घनाकछार, कटघोरा, कछार, दर्री एवं धवईपुर में सघन जांच की गई। इस दौरान कई स्थानों पर खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले सामने आए।
14 वाहन जब्त, मचा हड़कंप
खनिज विभाग की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कुल 14 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें 1 चैन माउंटेन मशीन, 9 ट्रैक्टर, 2 हाइवा एवं 2 टिपर वाहन शामिल हैं। ये सभी वाहन बिना वैध अनुमति खनिज परिवहन अथवा उत्खनन कार्य में संलिप्त पाए गए।
जब्त वाहनों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई हेतु कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री एवं बांकीमोगरा थाना सहित खनिज जांच नाका उरगा में सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
राजस्व हानि रोकने और संसाधनों की सुरक्षा पर फोकस
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आने वाले समय में और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और वाहन संचालकों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
15 संदिग्ध स्थानों पर जांच
14 वाहन जब्त
9 ट्रैक्टर, 2 हाइवा, 2 टिपर और 1 चैन माउंटेन शामिल
कई थाना क्षेत्रों में रखे गए जब्त वाहन
अवैध खनन पर आगे भी जारी रहेगा अभियान













