छत्तीसगढ़/कोरबा :- कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने डिजिटल सिग्नेचर, नक्शा बटांकन, डिजिटल किसान किताब, मसाहती गांव सर्वे, एफआरए नामांतरण तथा किसान क्रेडिट कार्ड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषक चौपालों के माध्यम से किसानों को जागरूक कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
कलेक्टर श्री दुदावत ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 30 जून तक आयोजित होने वाले स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण उत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडरों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों के सम्मान, मेधावी छात्रों के अभिनंदन और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही।
बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की सफाई, पेयजल स्रोतों के क्लोरीनेशन तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तक वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाउंड्रीवाल युक्त विद्यालयों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
कलेक्टर ने पीएम आवास ग्रामीण, पीएम जनमन, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, मानवाधिकार एवं अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर कलेक्टर सख्त, विभागीय कार्यों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश













