छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विभागीय समन्वय, सतत निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्राथमिकता के आधार पर सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। इनमें झाड़ियों की सफाई, अतिक्रमण हटाना, रोड शोल्डर की मरम्मत, रेडियमयुक्त संकेतक बोर्ड लगाना, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।
बैठक में कोयला एवं फ्लाई ऐश परिवहन मार्गों पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव तथा सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। वहीं कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर गुरसिया घाट के तीव्र मोड़ों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर क्रैश बैरियर, रंबल स्ट्रिप एवं रोड शोल्डर निर्माण के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमित जांच एवं सख्त कार्रवाई करने को कहा।
यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। शाला प्रवेशोत्सव के साथ सड़क सुरक्षा गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक में रूमगरा से बजरंग चौक मार्ग के सड़क निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को नोटिस जारी करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जागरूकता अभियान की धीमी प्रगति पर सभी जनपद सीईओ को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय, प्रभारी एसपी श्री लखन पटले, जिला परिवहन अधिकारी श्री अतुल कुमार असैय्या सहित विभिन्न विभागों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों के अधिकारी उपस्थित रहे।













