HomeBreaking Newsडीजल चोर गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, डेढ़ साल से फरार 10 हजार...

डीजल चोर गैंग का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, डेढ़ साल से फरार 10 हजार का इनामी नवीन कश्यप पुलिस के शिकंजे में

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  कोरबा पुलिस को डीजल चोरी के बड़े मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गेवरा एवं कुसमुंडा खदानों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड और 10 हजार रुपये के इनामी, जिलाबदर आरोपी नवीन कश्यप सहित तीन आरोपियों को थाना दीपका पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब डेढ़ वर्ष से जिला छोड़कर फरारी काट रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।   

- Advertisement -

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री के मार्गदर्शन में दीपका पुलिस द्वारा डीजल चोर गिरोह के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 1 जून 2026 की रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह का सरगना नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर नवीन कश्यप, परमेश्वर सारथी और सब्बीर मेमन को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार इस डीजल चोरी गिरोह के खिलाफ पहले भी बड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। मामले में 2500 लीटर डीजल जब्त किया गया था और अब तक कुल 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 9 आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे तथा अब 3 और आरोपियों को पकड़ा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना दीपका में दर्ज अपराध क्रमांक 437/2024 एवं 114/2026 के तहत कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी जैसी संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

जब्त वाहन

  • स्कॉर्पियो क्रमांक CG 28 P 6555
  • स्कॉर्पियो क्रमांक CG 12 BU 6064

गिरफ्तार आरोपी

  1. नवीन कश्यप (34 वर्ष), शांतिनगर बलगी, बांकीमोंगरा, कोरबा
  2. परमेश्वर सारथी (28 वर्ष), शांतिनगर बलगी, बांकीमोंगरा, कोरबा
  3. सब्बीर मेमन (35 वर्ष), गेवरा बस्ती गांधी चौक, कुसमुंडा, कोरबा

पुलिस का कहना है कि डीजल चोरी के इस संगठित नेटवर्क से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Must Read