नागपुर/गोंदिया :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अंतर्गत गोंदिया स्टेशन यार्ड में अधोसंरचना उन्नयन एवं परिचालन सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किया जाएगा। इसके तहत पॉइंट क्रमांक 111B/112A को 52 किलोग्राम रेल सेक्शन से 60 किलोग्राम रेल सेक्शन में परिवर्तित करने हेतु दिनांक 21 एवं 22 मई 2026 को विशेष ट्रैफिक एवं इंजीनियरिंग ब्लॉक लिया जाएगा।
रेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार निर्धारित कार्य के दौरान कुल 08 घंटे 30 मिनट का ब्लॉक लिया जाएगा। इसमें इंजीनियरिंग विभाग द्वारा स्विच नवीनीकरण एवं पॉइंट सेटिंग से संबंधित कार्य हेतु 06 घंटे का ब्लॉक, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा वायरिंग डिस्कनेक्शन, परीक्षण एवं तकनीकी कार्यों हेतु 02 घंटे का ब्लॉक तथा विद्युत विभाग द्वारा ओएचई परीक्षण हेतु 30 मिनट का अतिरिक्त ब्लॉक शामिल रहेगा।
इस अवधि में गोंदिया स्टेशन की लाइन क्रमांक 06 एवं 07 पर ट्रेनों का आगमन एवं प्रस्थान पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही अप दिशा की ट्रेनों का लाइन क्रमांक 07, 08, 09 एवं 10 पर अप मेन लाइन से परिचालन नहीं किया जाएगा। ओएचई परीक्षण के दौरान विद्युत रेलगाड़ियों की आवाजाही पर भी अस्थायी प्रतिबंध लागू रहेगा।
रेल प्रशासन के अनुसार कार्य पूर्ण होने के पश्चात डाउन मेन लाइन पर ट्रेनों की गति बढ़ाकर 45 किलोमीटर प्रति घंटा की जा सकेगी, जिससे रेल परिचालन अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगा।
रद्द की गई मेमू यात्री गाड़ियां
ब्लॉक कार्य के दौरान निम्नलिखित मेमू पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन रद्द रहेगा—
गाड़ी संख्या 68817 गोंदिया–गढ़ा मेमू (21 एवं 22 मई 2026)
गाड़ी संख्या 68818 गढ़ा–गोंदिया मेमू (21 एवं 22 मई 2026)
गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया–झारसुगुड़ा मेमू (21 एवं 22 मई 2026)
गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू (22 एवं 23 मई 2026)
गाड़ी संख्या 68721 रायपुर–डोंगरगढ़ मेमू (21 मई 2026)
गाड़ी संख्या 68723 डोंगरगढ़–गोंदिया मेमू (21 मई 2026)
गाड़ी संख्या 68724 गोंदिया–दुर्ग मेमू (22 मई 2026)
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पूर्व अपनी गाड़ियों की स्थिति की पुष्टि अवश्य करें तथा असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था अपनाएं। विभाग ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।













