HomeBreaking Newsचांपा स्टेशन में मेगा ब्लॉक : जून में कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों...

चांपा स्टेशन में मेगा ब्लॉक : जून में कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें

चौथी रेल लाइन और ऑटो सिग्नलिंग कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने जारी की लंबी सूची, कोरबा-बिलासपुर-रायगढ़ रूट सबसे ज्यादा प्रभावित

छत्तीसगढ़/बिलासपुर :- दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत चांपा स्टेशन में चौथी रेल लाइन से जोड़ने और चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग कार्य के लिए जून माह में बड़ा रेल ब्लॉक लिया जाएगा। रेलवे प्रशासन द्वारा 7 जून से 19 जून 2026 तक विभिन्न तिथियों में नॉन इंटरकनेक्टिविटी कार्य किया जाएगा, जिसके चलते दर्जनों पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेलवे लाइन परियोजना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की सबसे महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं में शामिल है। यह मार्ग देश के उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाला अत्यंत व्यस्त रेल कॉरिडोर है। परियोजना पूरी होने के बाद ट्रेनों की समयबद्धता, गति और यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
रेलवे ने बताया कि बिलासपुर से झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन बिछाई जा रही है, जिसमें अब तक 180 किलोमीटर से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। अब चांपा स्टेशन में चौथी लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सिग्नलिंग एवं ट्रैक कनेक्टिविटी ब्लॉक लेना जरूरी है।
इस मेगा ब्लॉक का सबसे ज्यादा असर कोरबा, बिलासपुर, रायगढ़, रायपुर और गेवरारोड रूट पर पड़ेगा। बड़ी संख्या में मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित होंगी। कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा तथा कई ट्रेनों को बीच मार्ग में समाप्त किया जाएगा।
लोकल यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार 8 जून से 19 जून तक रायगढ़-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-रायगढ़ मेमू, कोरबा-रायपुर पैसेंजर, रायपुर-कोरबा पैसेंजर, बिलासपुर-गेवरारोड मेमू, बिलासपुर-कोरबा मेमू सहित कई दैनिक यात्री ट्रेनें रद्द रहेंगी।
इन ट्रेनों से रोजाना नौकरीपेशा कर्मचारी, छात्र, व्यापारी और छोटे कारोबारी सफर करते हैं। ऐसे में यात्रियों को बस और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
कई बड़ी एक्सप्रेस ट्रेनें भी रद्द
रेलवे ने टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस, कोरबा-तिरुअनंतपुरम एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, आजाद हिंद एक्सप्रेस समेत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द करने का फैसला लिया है।
इसके अलावा दुरंतो एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-एलटीटी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी।
बीच रास्ते में समाप्त होंगी कई ट्रेनें
रेलवे ने कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने का भी निर्णय लिया है।
गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर तक ही चलेगी।
कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर से प्रारंभ होगी।
विशाखापटनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर में समाप्त होगी।
रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस भी बिलासपुर तक सीमित रहेगी।
देर से रवाना होंगी ये ट्रेनें
रेलवे प्रशासन के अनुसार कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा।
पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस 3 घंटे देरी से चलेगी।
सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से रवाना होगी।
गोंदिया-रायगढ़ जनशताब्दी एक्सप्रेस 2 घंटे लेट चलेगी।
रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से 2 घंटे विलंब से रवाना होगी।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि यह कार्य भविष्य की बेहतर रेल सुविधाओं और सुगम परिचालन के लिए किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी साफ होगा।
प्रमुख रद्द ट्रेनें
18113/18114 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस
13287/13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस
20807/20808 हीराकुंड एक्सप्रेस
18477/18478 उत्कल एक्सप्रेस
12251/12252 यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस
22647/22648 कोरबा-तिरुअनंतपुरम एक्सप्रेस
22843/22844 बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस
12151/12152 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली प्रमुख ट्रेनें
12221/12222 पुणे-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस
12261/12262 सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस
12101/12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस
12879/12880 एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस
खास बात
रेलवे के अनुसार बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी लाइन परियोजना पूरी होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का दबाव कम होगा। मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से हो सकेगा तथा यात्रियों को समयबद्ध और तेज सेवा मिल पाएगी।

Must Read