निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर बोले—जनहित और शहर के भविष्य के लिए जरूरी है व्यापारियों का साथ
छत्तीसगढ़/कोरबा :- शहर के पुराने हिस्से के कायाकल्प और आम नागरिकों को महानगरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम कोरबा ने पावर हाउस रोड को मॉल रोड के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इस योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने क्षेत्र के व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।
प्रस्तावित योजना के तहत नहर पुल से ओवर ब्रिज तक पावर हाउस रोड को पूरी तरह मॉल रोड की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसमें सड़क से डिवाइडर हटाकर आकर्षक पेवर ब्लॉक बिछाए जाएंगे, साथ ही फाउंटेन, हरियाली और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था कर पूरे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस मार्ग को पूरी तरह वाहन मुक्त रखा जाएगा, जहां लोग पैदल घूमते हुए खरीदारी का आनंद ले सकेंगे।
निगम की योजना के अनुसार सभी वाहनों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी, जबकि बुजुर्ग एवं असहाय लोगों के लिए ई-व्हीकल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा मॉल रोड पर मनोरंजन के विभिन्न साधन भी विकसित किए जाएंगे, जिससे यह क्षेत्र पर्यटन के दृष्टिकोण से भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
वर्तमान में पावर हाउस रोड पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की स्थिति के कारण आम नागरिक यहां आने से कतराने लगे हैं, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में यहां का व्यापार प्रभावित हो सकता है। ऐसे में मॉल रोड का विकास व्यापारियों के लिए भी लाभकारी साबित होगा, क्योंकि बढ़ती आवाजाही से ग्राहकों की संख्या में इजाफा होगा।
निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरबा को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि रायपुर और बिलासपुर में भी व्यापारियों के सहयोग से ही इस तरह के विकास कार्य संभव हो पाए हैं, जिससे वे शहर तेजी से विकसित हो रहे हैं।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि वे तत्कालिक लाभ-हानि से ऊपर उठकर शहर के दीर्घकालिक विकास और भविष्य को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की इस योजना में सहभागी बनें। मॉल रोड के निर्माण से न केवल कोरबा के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी और शहर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।












