कांकेर–नारायणपुर सीमा पर डी-माइनिंग के दौरान हादसा, एयरलिफ्ट में भी नहीं बच सकी एक जवान की जान
छत्तीसगढ़/कांकेर :- छत्तीसगढ़ के कांकेर–नारायणपुर सीमा क्षेत्र में डी-माइनिंग अभियान के दौरान हुए IED विस्फोट में DRG के चार जवान शहीद हो गए। हादसा उस समय हुआ जब सुरक्षाबल नक्सल प्रभावित इलाके में बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय करने की कार्रवाई में जुटे थे। विस्फोट में घायल जवानों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन जवानों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोर्राम ने रायपुर एयरलिफ्ट के दौरान दम तोड़ दिया।
शहीद जवानों में DRG प्रभारी सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा, संजय गढ़पाले और परमानंद कोर्राम शामिल हैं। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी के अनुसार, नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाई गई IED को निष्क्रिय करने के दौरान यह हादसा हुआ।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि प्रदेश में नक्सली चुनौती अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सघन तलाशी अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।












