HomeBreaking NewsNH पर ट्रेलर चालक से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो...

NH पर ट्रेलर चालक से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो वाहन जब्त

“सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बांगो पुलिस की कार्रवाई, 9500 रुपये की लूट का खुलासा

छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में चल रहे “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रेलर चालक से लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बांगो क्षेत्र में हुई इस वारदात का पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर खुलासा किया।

- Advertisement -

मामले के अनुसार, गढ़वा निवासी ट्रेलर चालक सलमान अंसारी 26 अप्रैल को अंबिकापुर से कोयला लोड कर रायपुर जा रहा था। देर रात करीब 2 बजे हसदेव नदी के पास वाहन का प्रेशर कम होने पर उसने ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा किया। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बोलेरो में सवार दो युवक वहां पहुंचे और चालक से कागजात मांगने लगे। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसे जबरन कार में बैठा लिया।

आरोपियों ने चालक से 7800 रुपये नगद लूट लिए, साथ ही क्यूआर कोड के जरिए 1700 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इस तरह कुल 9500 रुपये की लूट कर आरोपी फरार हो गए।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना बांगो में अपराध दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और लूटी गई रकम में से 800 रुपये बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में रौनक सिंह (20 वर्ष) एवं कुनाल रजक (19 वर्ष), दोनों निवासी तिफरा विद्युतनगर, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर शामिल हैं। दोनों को 28 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना बांगो पुलिस टीम के सउनि नरेंद्र डिसेना, आरक्षक जयप्रकाश यादव और रामगोपाल साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील:
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Must Read