HomeBreaking News“बेटे के गम के बाद 25 साथियों की मौत ने तोड़ा मन:...

“बेटे के गम के बाद 25 साथियों की मौत ने तोड़ा मन: अनिल अग्रवाल बोले – ‘सुरक्षा में चूक नहीं, फिर भी हादसा दिल दहला गया’”

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  सिंहितराई पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर हादसे को लेकर वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। 27 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी दूसरी पोस्ट में उन्होंने इसे अपने जीवन के सबसे कठिन दौरों में से एक बताया।

- Advertisement -

अग्रवाल ने भावुक शब्दों में कहा कि साल की शुरुआत में अपने युवा बेटे को खोने के बाद अब 14 अप्रैल को हुए इस हादसे में 25 लोगों की मौत ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है। उन्होंने लिखा कि लगातार हुई इन घटनाओं ने उन्हें व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तर पर गहरे दुख में डाल दिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सिंहितराई स्थित एथेना पावर प्लांट पूरी तरह कड़े सुरक्षा मानकों और स्थापित प्रोटोकॉल के तहत संचालित हो रहा था। प्लांट के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी एनजीएसएल को सौंपी गई थी, जो एनटीपीसी लिमिटेड और जनरल इलेक्ट्रिक की साझेदारी है। अग्रवाल के अनुसार, अनुभवी टीम, आधुनिक सिस्टम और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू होने के बावजूद यह दुखद हादसा हुआ, जो ऐसी घटनाओं की अनिश्चितता को दर्शाता है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे वाहन मालिक अपने वाहन को भरोसेमंद ड्राइवर को सौंपते हैं और सुरक्षा की उम्मीद रखते हैं, उसी भरोसे के साथ प्लांट का संचालन आउटसोर्स किया गया था। इसके बावजूद इतना बड़ा हादसा होना बेहद पीड़ादायक है।

अग्रवाल ने कहा कि वेदांता समूह अपने हर कॉन्ट्रैक्ट में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और एनटीपीसी व जीई की भी यही नीति रही है, लेकिन इसके बाद भी ऐसी घटना होना बेहद दुखद और चिंताजनक है।

अपने संदेश में उन्होंने अपने बेटे अग्निवेश सहित हादसे में जान गंवाने वाले सभी 25 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वेदांता परिवार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। साथ ही उन्होंने कंपनी की ओर से सुरक्षा, देखभाल और जिम्मेदारी के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।

Must Read