HomeBreaking Newsअवैध खनन पर सख्ती, केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की कार्रवाई में 4 मशीनें...

अवैध खनन पर सख्ती, केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता की कार्रवाई में 4 मशीनें जब्त, कोरबा में रेत तस्करी पर लगाम कब? रसूखदारों का नेटवर्क सक्रिय!

छत्तीसगढ़/रायपुर-कोरबा :-  छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई के दावे के बीच केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर 4 मशीनें जब्त की हैं। यह कार्रवाई 24 और 25 अप्रैल की रात सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों में की गई, जहां अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर नजर रखते हुए आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

- Advertisement -

सक्ती जिले की कई स्वीकृत रेत खदानों में उत्खनन और परिवहन कार्य बंद पाए गए, जिससे नियमों के पालन की पुष्टि हुई। वहीं जांजगीर-चांपा जिले के हसदेव नदी के हथनेवरा घाट क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दो चैन माउंटेन मशीनें मौके पर ही जब्त की गईं। इसके अलावा ग्राम नवापारा से दो एक्सकेवेटर मशीनें भी जब्त कर कोटवार की सुपुर्दगी में दी गई हैं। कुल चार मशीनों पर कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया गया है। संबंधित आरोपियों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से कहा जा रहा है कि खनिज संसाधनों की लूट किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और राज्यभर में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।

 कोरबा में नहीं थम रही अवैध रेत तस्करी

सूत्रों के मुताबिक, कोरबा जिले में अवैध रेत तस्करी पर अब तक प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। यहां रसूखदारों के संरक्षण में रेत का काला कारोबार खुलेआम जारी है। रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई सीमित नजर आ रही है।

सबसे गंभीर बात यह सामने आ रही है कि सीएसईबी के नए बन रहे पावर प्लांट में भी अवैध रेत की सप्लाई की जा रही है। सूत्रों का दावा है कि भारी मात्रा में रेत यहां पहुंच रही है, जिसकी वैधता और स्रोत को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में रेत कहां से लाई जा रही है, यह जांच का विषय है।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो शासन को भारी राजस्व नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में कोरबा में भी केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीम द्वारा विशेष अभियान चलाने की मांग उठ रही है, ताकि अवैध रेत तस्करी के इस नेटवर्क पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। जहां एक ओर अन्य जिलों में कार्रवाई तेज हो रही है, वहीं कोरबा में जारी अवैध रेत कारोबार पर लगाम लगाने के लिए ठोस और प्रभावी कार्रवाई की दरकार महसूस की जा रही है।

Must Read