छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अब तक कुल 49 हिस्ट्रीशीट खोलकर बदमाशों पर कड़ा प्रहार किया गया है। 
खोली गई हिस्ट्रीशीट में 17 गुंडा बदमाश, 31 निगरानी बदमाश तथा 01 गैंग (डीजल चोरी से संबंधित) शामिल हैं। इन सभी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और उनकी जवाबदेही भी तय की गई है। पुलिस द्वारा नवीन हिस्ट्रीशीटरों का चयन सुनियोजित ढंग से किया गया है। पिछले तीन वर्षों में जेल जा चुके आरोपियों के डाटाबेस का विश्लेषण कर ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है, जिनके विरुद्ध दो या उससे अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
निगरानी बदमाश श्रेणी में चोरी, लूट, डकैती जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपी शामिल हैं, जबकि गुंडा बदमाश श्रेणी में मारपीट, गंभीर चोट एवं जानलेवा हमले जैसे अपराधों में लिप्त व्यक्तियों को रखा गया है। प्रत्येक हिस्ट्रीशीटर की निगरानी के लिए अलग-अलग पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो सके। पुलिस द्वारा 37 प्रकरणों में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर अभिलेख तैयार कर लिए गए हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है। वहीं समीक्षा के दौरान 05 मृत हिस्ट्रीशीटरों को सूची से हटाया गया है तथा 05 व्यक्तियों को सुधार के आधार पर निगरानी से मुक्त किया गया है।
कोरबा पुलिस ने माह के अंत तक कुल 86 हिस्ट्रीशीट खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिस पर तेजी से कार्यवाही जारी है। पुलिस का मानना है कि इस तरह की सतत और योजनाबद्ध कार्रवाई से जिले में अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा और कानून व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।










