HomeBreaking NewsKORBA : महिला कम्प्यूटर ऑपरेटर ने BEO पर लगाया प्रताड़ना का आरोप,...

KORBA : महिला कम्प्यूटर ऑपरेटर ने BEO पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, राशि आहरण पर जबरन हस्ताक्षर का दबाव — DEO से शिकायत

छत्तीसगढ़/कोरबा :-  विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा में पदस्थ एक महिला कम्प्यूटर ऑपरेटर ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। मामले ने शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है।       

- Advertisement -

शिकायतकर्ता आयशा खान ने बताया कि वह प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना (मध्याह्न भोजन) के अंतर्गत कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं और वर्ष 2013 से लगातार अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने अपने सभी दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से किया है और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन किया है।

आयशा खान के अनुसार, हाल ही में रसोइया प्रशिक्षण से संबंधित एक नोटशीट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। नोटशीट तैयार कर जब उन्होंने अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया, तो उसमें प्रशिक्षण के दौरान चाय-नाश्ते के लिए राशि आहरित करने से संबंधित शब्द जोड़ने और उस पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने बताया कि उक्त शब्दों को लेकर उन्होंने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर बताते हुए हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया।

आरोप है कि इस बात से नाराज होकर BEO के.आर. दयाल ने उन्हें फटकार लगाते हुए अपमानित किया और यहां तक कह दिया कि “यहां से हट जाओ और इस्तीफा दे दो।” पीड़िता ने इसे मानसिक प्रताड़ना बताते हुए कहा कि उनके साथ पहले कभी किसी अधिकारी द्वारा इस तरह का व्यवहार नहीं किया गया।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले तीन-चार वर्षों से वह कार्यालय का अधिकांश कार्य, विशेषकर नाश्ता/मध्याह्न भोजन योजना से जुड़ा कार्य, अकेले संभाल रही हैं। बावजूद इसके उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाना बेहद दुखद है।

इस पूरे मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा को सौंप दी गई है, जिसमें निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। इधर, इस संबंध में BEO के.आर. दयाल का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर शिकायत पर क्या रुख अपनाता है और पीड़िता को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Must Read