HomeBreaking News“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान का असर: चोरी के मामलों में...

“सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान का असर: चोरी के मामलों में 8 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

छत्तीसगढ़कोरबा :- जिले में अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चोरी के मामलों में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ आरोपी अब भी फरार हैं। 

- Advertisement -

दर्री थाना क्षेत्र में सीएसईबी प्लांट के एबीबी यार्ड से करीब 300 मीटर पावर केबल चोरी करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 75 हजार रुपये मूल्य का तांबा केबल वायर जब्त किया है। इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। 

वहीं सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने पीजी कॉलेज परिसर स्थित निर्माणाधीन स्थल से केबल वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें चोरी का सामान खरीदने वाला आरोपी भी शामिल है। पुलिस ने चोरी किया गया तांबा केबल बरामद कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इधर बालको नगर थाना क्षेत्र में रात के समय मकानों में घुसकर चोरी करने के मामले में एक आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से गैस सिलेंडर, साइकिल, सबमर्सिबल पंप सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अभियान के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Must Read