छत्तीसगढ़/कोरबा :- जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश कुमार नाग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने कहा कि सामान्य सभा की मासिक बैठक पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहें, ताकि ग्राम विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी चर्चा सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर सीईओ दिनेश कुमार नाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों की तथ्यात्मक एवं अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित हों, जिससे सदन को योजनाओं की स्पष्ट एवं विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत पोषण योजनाओं एवं रेडी-टू-ईट वितरण की स्थिति पर चर्चा हुई। शिक्षा विभाग की आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े हैंडपंपों के सुधार एवं मरम्मत के निर्देश दिए गए तथा पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जल जीवन मिशन के तहत नल-जल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित एनीकट एवं डेम जैसे जल संरचनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से मानसून पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। सहकारिता विभाग एवं क्रेडा के अंतर्गत लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा कर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों, वर्तमान प्रगति एवं आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, स्कूल एवं आंगनबाड़ी में शौचालय निर्माण, विद्युत व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न जनसमस्याओं के मुद्दे उठाए और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता जैसवाल, सदस्यगण श्रीमती रेनुका राठिया, श्रीमती सुष्मिता अनंत, श्रीमती सुषमा रजक, श्रीमती सावित्री कंवर, श्रीमती माया कंवर, श्री विद्वान सिंह मरकाम, श्री विनोद कुमार यादव, श्री कौशल सिंह नेटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही उप संचालक पंचायत श्री मिथलेश किसान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।











