बॉयलर ट्यूब फटने से मचा हड़कंप, कई मजदूर अब भी लापता – रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, प्रशासन हाई अलर्ट
छत्तीसगढ़/सक्ती :- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। रिपोर्ट के अनुसार इस दुर्घटना में 8 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 40 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है। 
मंगलवार दोपहर प्लांट में काम के दौरान अचानक बॉयलर की ट्यूब फट गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे गर्म भाप व मलबे की चपेट में आ गए। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। 
हादसे के तुरंत बाद प्रशासन और प्लांट प्रबंधन की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि अभी भी कुछ मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
गंभीर रूप से घायल मजदूरों को रायगढ़ सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे के पीछे तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कलेक्टर और एसपी को तत्काल राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











